नगर बाजार। लोकसभा चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ प्रशासन हर व्यवस्था दुरुस्त करने में लग गया है। सोमवार को नगर थाना क्षेत्र के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का एसडीएम, सीओ कलवारी और नगर थाना प्रभारी ने दौरा किया। शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की।
एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल, सीओ अनिल कुमार, एसो अनिल कुमार व फुटहिया चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह सबसे पहले महरीपुर पहुुंचे। यहां से रानीपुर, बेलाड़ी, पिपरा गौतम, धौरहरा व भेलवल के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों के आस पास स्थित मकान के स्वामियों को आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते आचरण करने के लिए कहा है। हालांकि, 12 मई को मतदान होना है लेकिन अभी से ही चुनाव के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने अपनी तैयारियों के लिए व्यापक अभियान चलाया है। कौतूहल बस जुटे इन गांवों के लोगों से एसडीएम ने अपील की। कहा कि आप लोग प्रशासन की मदद करें। अगर किसी ने बवाल य हंगामा किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव में अवरोध उत्पन्न करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मतदान केन्द्रों के आसपास स्थित घरों के लोगों से कहा कि छतों पर किसी भी प्रकार का कोई ईंट पत्थर न रहने दें। सभी से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने की अपील की।
ईवीएम, वीवीपैट से मतदान प्रक्रिया समझाई
मानिकचन्द। लोकसभा चुनाव 2019 स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता अभियान सोमवार को एसडीएम सदर के नेतृत्व में चलाया गया। जहां लोगों को ईवीएम व वीवीपैट मशीन से वोट डालने की विधि बताई गई।
साऊंघाट विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत भादी बुजुर्ग के प्राथमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। एसडीएम सदर के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के 140 लोगों को ईवीएम से मतदान के समय पर्ची देखने की विधि समझाई। क्षेत्र के बूथ सं. 415 खरहरा, सेखुई, शाहपुर, भादी बुजुर्ग के मतदाताओं को प्रशिक्षित किया गया। एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल ने चुनाव में अपने वोट के महत्व के बारे में जानकारी दी। सबसे अपील की कि आप सबका दायित्व है कि एक भी वोटर छूटने न पाये। कार्यक्रम के बाद बूथों का जायजा लिया। ग्रामीणों एवं ग्रामप्रधान को उनके दायित्वों को बताया। कहा कि सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। जो कि 12 मई को होने वाला है। ग्राम प्रधान राम प्रसन्न शुक्ल, ग्राम विकास अधिकारी गोविन्द प्रसाद, तहसीलदार पवन कुमार जायसवाल, कानूनगो सहदेव विश्वकर्मा, हलका लेखपाल अर्पित श्रीवास्तव, दिनेश वर्मा, अरविन्द सिंह, राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, प्रभुनाथ, रामबचन, ज्ञानदास, अयोध्या, अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।
मतदान के लिए अभी बूथों पर तैयारी नहीं
रुधौली। लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं लेकिन रुधौली विधानसभा क्षेत्र के बूथों का हाल बदतर है। प्राथमिक विद्यालय लेदवा मैं बिजली सप्लाई नहीं है। कहीं बल्ब के स्थान पर पानी की बोतल लटका दी गई है। शौचालय और खिड़कियों के दरवाजे टूटे हैं। विद्यालय में बाउंड्रीवाल है ही नहीं। सहायक अध्यापक मनोज कुमार पटेल व विनीता पाल ने बताया कि सभी कमियों की जानकारी उच्चाधिकारियों की दी गई है।
इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय पचारी खुर्द में भी बिजली सप्लाई नहीं है। खिड़कियों पर दरवाजे के स्थान पर गत्ते और प्लास्टिक के पर्दे लगाए गए हैं। यद्यपि शौचालय के ऊपर पानी की टंकी रखी गई है किन्तु बिजली सप्लाई नही होने से निष्प्रयोज्य है। प्रधानाध्यापक हरिओम ने अपने वेतन से कार्यालय काकी फर्श बनवाई। वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गिधार में बिजली पानी और शौचालय की व्यवस्था तो है किंतु बाउंड्री नहीं है। लोहे की आलमारी खराब हो चुकी है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी रुधौली राम कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी लेते हैं। साथ ही प्राथमिक विद्यालय लेदवा में रंगरोगन का काम क्यों नहीं हुआ। इसकी जांच कराते हैं।