मंडल के तीनों जिलों के उच्चाधिकारियों के साथ मंगलवार को कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा की। निर्देश दिए कि अधिकारी विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच मौके पर जाकर करें।
कमिश्नर ने कहा कि 31 मार्च 2018 तक के आंकड़े बताते हैं कि कार्य अच्छा हुआ है, लेकिन मौके पर गुणवत्ता की जांच और परीक्षण करना जरूरी है। संपर्क मार्गों, शौचालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, चिकित्सालयों आदि का निरीक्षण करने के साथ ही हैंडपंपों के रीबोर की कार्रवाई तेज करें। जनप्रतिनिधियों की संस्तुति पर करीब 1383 हैंडपंप लगाए जाने हैं। विद्युत विभाग की सौभाग्य योजना के तहत मंडल में 4.31 लाख लोगों को कनेक्शन दिए जाने हैं। 688 करोड़ की योजना है। स्वास्थ्य मुद्दे पर कहा कि जेई और एईएस का टीकाकरण अभियान 16 अप्रैल 2018 तक चलाया जाना है। शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा होना जरूरी है। इसी तरह सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूली ड्रेस, मध्याह्न भोजन, एनसीईआरटी पर आधारित पुस्तकों का वितरण कार्य योजना बना कर बेसिक शिक्षा विभाग करे। अमहट पुल के निर्माण को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के भी निर्देश दिए। किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान पर कहा कि बभनान, बस्ती, वाल्टरगंज, रुधौली आदि चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये बकाया है, जिस के भुगतान पर कार्रवाई करें। मृदा परीक्षण, मिट्टी हेल्थ कार्ड, पेयजल कनेक्शन, दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा हुई। मनरेगा में पंजीकृत लोगों के भुगतान देने के निर्देश दिए।
इस बार मंडल में 1.71 लाख मीट्रिक टन गेहूं का क्रय किया जाना है। समय से भुगतान एवं बोरा उपलब्ध कराने के लिए आरएफसी को निर्देश दिए गए। कुछ जिलाधिकारियों ने भी बोरा की अनुपलब्धता का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीण पेयजल योजना, राशन कार्डों को आधार नंबरों से लिंकिंग, नगर पालिका/पंचायत क्षेत्रों में रोड लाइट में एलईडी, कूड़ा प्रबन्धन पर भी जानकारी ली। 14 अप्रैल को डॉ. अंाबेडकर जयंती से अंाबेडकर पखवारा मनाया जाएगा। बैठक में बस्ती के डीएम सुशील कुमार मौर्या, संतकबीरनगर मार्कण्डेय शाही, सिद्धार्थनगर के डीएम कुणाल सिल्कू ने विवरण रखे। बस्ती सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय, सिद्धार्थनगर के केके मिश्र, संतकबीरनगर के हाकिम सिंह, डीएफओ, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या, सूचना, पंचायत, उद्यान तथा अपर/संयुक्त निदेशक, चिकित्सा, कृषि अन्य मंडलीय अधिकारी, मुख्य अभियन्ता, अधीक्षण अभियंता, अपर निदेशक प्रशासन राजाराम आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा संयुक्त विकास आयुक्त तेज प्रताप मिश्र ने प्रस्तुत की।
कानून व्यवस्था, राजस्ववादों की समीक्षा की
बस्ती। मंडलायुक्त ने मंगलवार को बैठक कर डीएम और एसपी से कानून-व्यवस्था के साथ साथ राजस्व वादों के निस्तारण आदि की समीक्षा की। बैठक में डीआईजी रेंज राकेश चन्द्र साहू, तीनों जिलों के एसपी शामिल हुए।