बस्ती। संविधान दिवस के अवसर पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। आईजी आरके भारद्वाज ने परिक्षेत्रिय कार्यालय पर पुलिसकर्मियों को देश की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कहा कि हमारी एकता अखंडता को बनाए रखने वाला यह संविधान हर किसी को समानता का अधिकार देता है। संविधान कभी ऊंच-नीच नहीं देखता है, जो अधिकार एक सामान्य व्यक्ति को है, वहीं अधिकार सभी को हैं। कहा कि इस संविधान की रक्षा के लिए हम सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक पालन करना चाहिए।
उधर, पुलिस लाइंस में प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर) ने पुलिस लाइंस में अधिकारी व पुलिस कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों, उद्देशिका को स्मरण कराते हुए राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रुधौली, प्रतिसार निरीक्षक व अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
परशुरामपुर संवाद के मुताबिक ब्लाक मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने ब्लाॅक कर्मियों तथा क्षेत्रीय लोगों को संविधान के प्रति निष्ठावान बने रहने का संकल्प दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश लोगों को पढ़कर सुनाया। इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि श्रीश पांडेय, राम सुरेश यादव, गिरिजेश कुमार, सोमनाथ सहित तमाम लोग उपस्थित थे।