बस्ती। बस्ती बदल रही है। शहर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने में जिला प्रशासन भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कंपनीबाग चौराहे को चमकाने के बाद अब न्याय मार्ग की बारी है। कचहरी क्षेत्र में सबसे वीआईपी मूवमेंट वाली इस सड़क के कायाकल्प की योजना तैयार कर ली गई है।
जिला प्रशासन की पहल पर नगर पालिका की इस सड़क को संवारने की जिम्मेदारी बीडीए को सौंपी गई है। बड़ेवन-कंपनीबाग फोरलेन की तरह कटरा से कचहरी चौराहे तक यह सड़क भी विकसित की जाएगी। दोनों तरफ सीसी नाले का निर्माण भी होगा। एक महीने पहले से ही न्याय मार्ग के नाम से चर्चित इस सड़क को नया स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने मंथन शुरू कर दिया था। डीएम की स्वीकृति के बाद इस सड़क संवारने के लिए बीडीए ने प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है।
हालांकि बीडीए के पास अवस्थापना मद के अलावा निर्माण के लिए और कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए तय हुआ है कि इस सड़क की कार्य योजना तैयार करके शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बीडीए पहली बार शासन ने किसी सड़क के उच्चीकरण के लिए बजट की डिमांड करेगा। अभी तक बीडीए ने मालवीय मार्ग की मरम्मत, कंपनीबाग और स्टेशन रोड पर नाला निर्माण जैसे दो बड़े कार्य अवस्थापना मद से किए हैं। इसके अलावा इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण के छिटपुट कार्य हुए हैं।
दरअसल पीडब्ल्यूडी ने अभी हाल ही में बड़ेवन से कंपनीबाग तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया है। शास्त्री चौक से कंपनीबाग की सड़क बस्ती-कांटे मार्ग का हिस्सा होने के कारण पहले से दुरुस्त है। इधर कंपनीबाग पर दो तरफ नाला क्रॉसिंग का नया निर्माण करके इस चौराहे का आकार पहले से काफी बड़ा कर दिया गया है।
अब कचहरी क्षेत्र में सबसे खस्ताहाल स्थिति सिर्फ न्याय मार्ग की बनी हुई है। आम शहरियों के अलावा इस मार्ग पर वीआईपी मूवमेंट भी अधिक रहता है। दिन भर वाहनों का दबाव रहने से यह मार्ग भी संकरा महसूस किया जा रहा है। जिससे इस सड़क के चौड़ीकरण की योजना तैयार की जा रही है।
न्याय मार्ग पर कचहरी क्षेत्र का सर्वाधिक आवागमन
कचहरी क्षेत्र का सर्वाधिक आवागमन न्याय मार्ग पर ही निर्भर है। दो दर्जन से अधिक विभागों के कार्यालय संचालित होने वाला विकास भवन, कलक्ट्रेट, जिला पंचायत भवन, एसपी कार्यालय, जिला सहकारी बैंक के अलावा जनपद न्यायालय और बार एसोसिएशन भवन तथा अधिवक्ताओं की बैठकी स्थल इसी मार्ग से जुड़ी है। सर्किट हाउस, बस्ती क्लब, डीएम, कमिश्नर आवास से भी इस मार्ग का सीधे जुड़ाव है। ऐसे में सुबह नौ बजे के बाद ही इस मार्ग पर आवागमन का दबाव बढ़ जाता है। शाम पांच बजे तक यहां वाहनों की आवाजाही रहती है। जिले के आला अफसरों के अलावा वादकारियों और फरियादियों का भी आना जाना रहता है। जिससे दिन में कई बार इस सड़क पर जाम की समस्या खड़ी होती है। कई बार तो अधिकारियों के भी वाहन फंस जाते हैं। हूटर, शायरन बजाने के बाद भी भीड़ के चलते जाम नहीं खुल पाता है।
-
एक किमी लंबी सड़क में जगह-जगह गड्ढे
कटरा पानी की टंकी से कचहरी चौराहे तक एक किमी लंबी इस सड़क की चौड़ाई सात मीटर है। मरम्मत के अभाव में सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। कई जगहों पर गड्ढे बन आए हैं। एसपी कार्यालय के सामने और जिला पंचायत कार्यालय और जिला सहकारी बैंक के सामने सड़क टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई है। नए प्रस्ताव में इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जानी है। इसके अलावा जलनिकासी के लिए दोनों तरफ सीसी नाले का भी निर्माण किया जाएगा। इस सड़क को संवारने के लिए लगभग चार करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
कोट
कचहरी क्षेत्र में बड़ेवन-कंपनीबाग तक की सड़क और कंपनीबाग चौराहा अब चमकने लगा हैं। न्याय मार्ग की सड़क के उच्चीकरण का कार्य बचा हुआ है। इसके लिए बीडीए से प्रस्ताव तैयार कराकर शासन से बजट की डिमांड की जाएगी। नई सड़क और दोनों तरफ नाले के निर्माण के लिए लगभग चार करोड़ का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
-प्रतिपाल सिंह, एडीएम/सचिव, बीडीए।