गौर। मतदाता पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) में बीएलओ का सहयोग न करने व जांच के दौरान ग्राम पंचायत से गायब रहने के आरोप में नौ सफाई कर्मियों के खिलाफ बीडीओ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। साथ ही नवंबर माह का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। बीडीओ के इस करवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
गौर विकास खंड के नौ ग्राम पंचायतों में 22 दिसंबर को मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे बीएलओ का सहयोग न करने व गायब रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ केके सिंह ने सफाई कर्मियों के खिलाफ कड़ी करवाई की है। बीडीओ ने बताया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरतेगें। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायत के सफाई कर्मियों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए वेतन बाधित करने की कारवाई किया गया है। उनमें ग्राम पंचायत ऐनपुर व असनहरा में तैनात सफाई कर्मी महेंद्र कुमार,खुटहना में तैनात अवधेश कुमार,सुभाष यादव,दिग्विजय भारती,रामापुर में अशोक कुमार,सौराहा में गंगाधर,किशनपुर में अनिल कुमार और आसाराम के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत जाएगा।
एडीओ पंचायत श्याम बिहारी ने बताया कि कर्मियों के सहयोग न करने से बीएलओ को प्रपत्र एकत्र कराने में समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को कड़ी हिदायत देते हुए चेतावनी दी है कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लें और इस कार्य में पूरा सहयोग करें। जांच के दौरान ग्राम पंचायत से गायब रहने व शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।