सल्टौआ। विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर के कई ग्राम पंचायतों में तैनात पांच ग्राम पंचायत सचिवों और एक पंचायत सहायक को कार्य में लापरवाही बरतने पर बीडीओ अनिल कुमार यादव ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बीडीओ ने बताया कि सचिव तनवीर अशरफ, किशन वर्मा और पंचायत सहायक पूजा वर्मा द्वारा ग्राम पंचायतों में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन में शिथिलता बरती जा रही थी। निर्देशों के बावजूद कार्य में प्रगति न होने पर इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। ग्राम पंचायत भादी खुर्द की तत्कालीन सचिव स्नेहा श्रीवास्तव पर भी कार्रवाई की गई है।
उन पर आरोप है कि आरसीसी सेंटर का निर्माण सुगम रास्ते पर नहीं कराया गया, जिससे वह क्रियाशील नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत विशुनपुर और जगदीशपुर में आरसीसी निर्माण कार्य में ढिलाई बरतने के आरोप में तैनात सचिव रिंगभान सी. और शिवशंकर यादव को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया है।