बस्ती। स्वच्छ भारत मिशन व सर्वेक्षण 2018 के तहत कूड़ा फैलाने को लेकर पालिका गंभीर हो गई है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम 2016 के तहत इसे अपराध मानते हुए सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकने व शौचालय की लाइन नालों से जोड़ने के आरोप में 11 लोगों को नोटिस जारी किया है। ईओ डॉ. मणिभूषण त्रिपाठी ने बताया कि नोटिस के बाद इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
शहर के सार्वजनिक स्थलों पर सुबह पालिका के कर्मी सफाई करते हैं। इसके बाद दस बजे जब प्रतिष्ठान खुलते हैं तमाम दुकानों का कूड़ा सड़क पर फेंक दिया जाता है। इन स्थितियों के चलते सर्वेक्षण की रैंकिंग प्रभावित होने के आसार बढ़ गए हैं। कूड़ा व गंदगी फैलाने वालों पर पालिका ने शिकंजा कसते हुए शहर के न्यू लकी शू स्टोर गांधी नगर, नरेंद्र होजरी, पूनम होजरी, हर्ष लेदर, भारतीय भाइयों की दुकान, गुडलक फुट वियर, न्यू रवि कास्मेटिक व मेडिकल स्टोर भारत कंपनी के खिलाफ नोटिस जारी किया है। इन लोगों पर सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकने का आरोप पालिका ने नोटिस में लगाया है। इसके अलावा बैरिहवां निवासी सोनी पाठक, बुद्धिराम-छोटे लाल, राजकुमार बुद्धिलाल का शौचालय नाला से जुड़ा होना पाए जाने पर इनके खिलाफ भी नोटिस जारी किया गया है।