कड़ी चौकसी के बीच आज शुरू होगा नामांकन
- दो सौ मीटर के भीतर केवल उम्मीदवार, प्रस्तावक को मिलेगा प्रवेश
- थानों की फोर्स के अलावा भारी पुलिस बल तैनात
- कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत पूरी कराई जाएगी प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पंचायत चुनाव के क्रम में 17 अप्रैल से जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर दावेदार नामांकन करेंगे। जिसमें जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए दोनों दिन नामांकन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य के अलावा सदर, बहादुरपुर, दुबौलिया, हर्रैया, कप्तानगंज, विक्रमजोत, परशुरामपुर, गौर, सल्टौवा गोपालपुर, रामनगर, रुधौली, साउंघाट, बनकटी और कुदरहा ब्लॉक पर प्रधान, बीडीसी सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद का पर्चा भरा जाएगा।
इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन की तरफ से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी है। सदर समेत सभी ब्लॉकों पर संबंधित थाने की फोर्स के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल और जरूरत के मुताबिक पीएसी तैनात की गई है। जहां कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत नामांकन कराए जाएंगे। कहीं पर भी भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। नामांकन परिसर से दो सौ मीटर के भीतर दावेदार और प्रस्तावक के अलावा किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस की टीमें नामांकन स्थल से आसपास भ्रमण करती रहेंगी। 29 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर 17 और 18 अप्रैल नामांकन का दिन तय किया गया है। पूरे परिसर को सैनिटाइज करने के बाद नामांकन कराया जाएगा। ग्राम प्रधान पद के लिए होने वाले दावेदारों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन सजग है। ब्लॉक में होने वाले नामांकन के लिए बैरिकेडिग लगाई गई है। ब्लॉक गेट पर दावेदार और प्रस्तावक के अलावा किसी को नहीं प्रवेश करने दिया जाएगा। इसके अलावा नामांकन कराने के दौरान अगर कोई दावेदार काफिला या फिर अधिक भीड़ लेकर पहुंचेगा, तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज की जाएगी। मुख्यालय गेट के पास पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिए जाएगा।
000000
चार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेगा एक उम्मीदवार
नामांकन के दौरान एक उम्मीदवार अधिकतम चार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेगा। इसके अलावा वही व्यक्ति उम्मीदवार का प्रस्तावक बन सकेगा, जिसका नाम वार्ड की मतदाता सूची में शामिल हो। नामांकन दाखिल होने के बाद उसकी स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। स्क्रीनिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
-------------------------
जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
विकास खंड कार्यालयों में नामांकन के दौरान उम्मीदवार व प्रस्तावकों के आने व जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। बैरीकेडिंग लगाकर अलग-अलग रास्तों से ही प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन कक्ष तक पहुंचने से पहले त्रिस्तरीय चेकिंग करवाई जाएगी और स्वास्थ्य विभाग की भी एक टीम तैनात रहेगी। नामांकन कार्यालयों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
----------------------------
विकास भवन में जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन
जिला पंचायत सदस्य पद के 43 वार्डों के लिए विकास भवन में नामांकन स्थल बनाया गया है। यहां बैरीकेडिंग आदि कर दी गई है। विकास भवन को जाने वाले रास्तों पर फोर्स की भी तैनाती रहेगी। कोविड-19 प्राटोकाल का पालन लोगों को करना पड़ेगा।