बस्ती। व्यापारी पुत्र राहुल मद्धेशिया अपहरण कांड में नामजद पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के खिलाफ चल रहे केस में सोमवार को गवाही होनी थी। मगर किसी भी साक्षी के अदालत में उपस्थित न होने की वजह से सुनवाई टाल दी गई।
विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए कोर्ट प्रमोद कुमार गिरि ने दो दिसंबर को अगली सुनवाई की तारीख तय की है। करीब 24 साल पुराने इस मामले में 23 फरवरी 2024 से कोर्ट में गवाही चल रही है। बता दें कि, छह दिसंबर 2001 को कोतवाली थाना क्षेत्र के रोडवेज तिराहा निवासी धर्मराज मद्धेशिया के बेटे राहुल को स्कूल जाते समय अगवा कर लिया गया था। इस मामले में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी सहित नौ के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया गया था। आरोप है कि लखनऊ के जिस मकान से राहुल मिला था, वह अमरमणि का ही था। संवाद