बस्ती। सदर ब्लॉक के भद्रेश्वरनाथ ग्राम में लाखों रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत टंकी तो बन गई, लेकिन पिछले छह माह से उससे एक बूंद पानी नहीं निकला। जबकि भ्रद्रेश्वरनाथ मंदिर होने से सैकड़ों श्रद्धालुओं की आमदरफ्त रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई इलाकों में पाइप कटने के कारण पानी की सप्लाई ठप है। गांव के करीब 200 परिवार पुराने हैंडपंपों के भरोसे हैं। कई हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिनसे पानी निकल रहा है, उसमें भी स्वच्छता का संदेह है।
वहां के रामविलास, शारदा प्रसाद और मीना देवी बताती हैं कि जब जल जीवन मिशन की टंकी बनी थी, तो लगा कि अब हर घर तक नल से साफ पानी मिलेगा। शुरुआत में कुछ दिनों तक सप्लाई मिली भी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद नल सूख गए। अब हमें फिर से बाल्टी-कैन लेकर हैंडपंपों पर कतार में लगना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत ग्राम प्रधान, ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और जल निगम के इंजीनियरों तक से की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अगले हफ्ते पानी शुरू हो जाएगा जैसी बातें महीनों से सुनने को मिल रही हैं, लेकिन हकीकत में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पानी आपूर्ति शुरू करने की मांग की है।