कलवारी। कुदरहा ब्लॉक क्षेत्र के शंकरपुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले विशेनपुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही का अनोखा मामला सामने आया है। गांव के प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय में न तो अब तक ट्रांसफार्मर लगा है, न ही बिजली की लाइन खींची गई, फिर भी लाखों रुपये के बिजली बिल जारी कर दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों ने बिना लाइन और मीटर लगाए फर्जी कनेक्शन दर्ज कर दिया है। गांव में कहीं भी स्ट्रीट लाइट तक नहीं लगी है, फिर भी उसके नाम पर भी बिल भेजा गया है। प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पंचायत भवन के नाम पर 44,153, सामुदायिक शौचालय पर 52,124 और स्ट्रीट लाइट के नाम पर 1,38,380 रुपये का बिल आया है। विद्यालय का बिल अलग है, कुल मिलाकर लगभग तीन लाख रुपये का बिल जारी हुआ है।
अवर अभियंता मनीष सिंह ने बताया कि यह कनेक्शन लगभग डेढ़ वर्ष पहले हुआ था। वे हाल ही में कार्यभार संभाले हैं, और मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।