सड़क पर आटो रोक कर सवारी बैठाने की वजह से लगा जाम
बस्ती। शहर में एक भी स्थायी टैक्सी स्टैंड नहीं होने से ऑटो चालकों के लिए सवारी भरने की कोई निर्धारित जगह नहीं है। ऐसे में चालक सड़क किनारे और चौराहों पर जहां-तहां वाहन रोककर सवारियां बैठाते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आए दिन जाम की स्थिति बनती है। राहगीरों व स्कूली बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ती है। फौव्वारा तिराहा, कंपनीबाग समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर ऑटो सड़क पर ही खड़े कर सवारियां भरी जा रही हैं। इसके बाद अन्य वाहनों के निकलने की जगह कम पड़ जाती है और देखते ही देखते जाम लग जाता है। स्कूलों की छुट्टी के समय स्थिति और खराब हो जाती है।
ऑटो चालक सड़क पर ही वाहन रोककर बच्चों को बैठाने लगते हैं। इस दौरान पीछे वाहनों की कतार लग जाती है। साइकिल से घर लौटने वाले स्कूली बच्चे भी जाम में फंस जाते हैं। कई बार 10 से 15 मिनट तक यातायात सामान्य नहीं हो पाता।
शनिवार को शहर के कुछ प्रमुख इलाकों में पड़ताल के दौरान भी यही स्थिति देखने को मिली। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ऑटो में सवारियां बैठती रहीं और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे। ऑटो चालकों की मनमानी के साथ स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।
पांच मिनट तक सवारी का इंतजार करते रहे चालक : सुबह 11:15 बजे फव्वारा तिराहा पर पांच ऑटो सड़क किनारे खड़े मिले। इनमें दो ऑटो में सवारियां बैठी थीं, जबकि चालक एक-दो और सवारियों के आने का इंतजार कर रहे थे। करीब पांच मिनट बाद एक सवारी पहुंची। उसे बैठाने के बाद ही चालक ऑटो लेकर आगे बढ़ा। दूसरा चालक भी काफी देर तक सड़क पर ऑटो खड़ा कर सवारी का इंतजार करता रहा। तीन अन्य ऑटो भी इसी तरह सड़क किनारे खड़े रहे, जिससे मार्ग संकरा हो गया और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई।
दुकानदार मनीष ने बताया कि दुकान के सामने अक्सर ऑटो खड़े होने से ग्राहकों को परेशानी होती है। कई बार सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालक आपस में ही उलझ जाते हैं।