पुरानी बस्ती। 15 अगस्त और रक्षाबंधन से पहले घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। बस्ती से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता और बिहार जाने वाली ट्रेनों में 100 से अधिक की वेटिंग चल रही है। अगस्त के अंतिम सप्ताह तक आरक्षण की स्थिति भी बेहतर होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में यात्री बस और अन्य साधनों का विकल्प तलाश रहे हैं।
शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई रूट की कई प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण उपलब्ध नहीं था। जिन ट्रेनों में सीट मिल रही थी, उनमें भी लंबी वेटिंग रही। गोरखपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के स्लीपर में 107, थर्ड एसी में 63 और सेकंड एसी में 16 की वेटिंग पहुंच गई। सत्याग्रह स्पेशल के स्लीपर में 345, थर्ड एसी में 13 और सेकंड एसी में तीन की वेटिंग रही।
गोरखधाम एक्सप्रेस के स्लीपर में 88, सेकंड एसी में 34 और थर्ड एसी में 54 की वेटिंग रही। वैशाली एक्सप्रेस के स्लीपर में 52, सेकंड एसी में 28 और थर्ड एसी में 22 की वेटिंग थी। कुशीनगर एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 88 और सेकंड एसी में 31 की वेटिंग रही। बांद्रा एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 35 और सेकंड एसी में 18 यात्री प्रतीक्षा सूची में रहे।
-
सात घंटे तक ट्रेन का इंतजार
टिकट की परेशानी के साथ ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किल और बढ़ा दी। शुक्रवार को गोंडा-गोरखपुर सवारी गाड़ी करीब साढ़े छह घंटे और बांद्रा स्पेशल करीब सात घंटे देरी से चली। बरौनी-नई दिल्ली क्लोन करीब तीन घंटे और दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन करीब चार घंटे देरी से पहुंची। सात घंटे की देरी से परेशान गायघाट निवासी वाजिद अली भीषण गर्मी में स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते दिखे। रुधौली निवासी कुलदीप ने बताया कि वह सुबह नौ बजे से स्टेशन पर बैठे हैं, लेकिन ट्रेन के आने का इंतजार खत्म नहीं हुआ।
-
स्टेशन पर देशभक्ति का माहौल, सुरक्षा बढ़ी
15 अगस्त को देखते हुए बस्ती रेलवे स्टेशन को सजाया-संवारा जा रहा है। स्टेशन परिसर में देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे हैं। सुरक्षा को लेकर जीआरपी और आरपीएफ ने निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ यात्रियों के सामान की भी जांच की जा रही है। यात्रियों को संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
-
स्वच्छता के लिए यात्रियों को किया जागरूक
महाप्रबंधक के निर्देश पर शुक्रवार को स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता महेंद्र सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य निरीक्षक हरिशंकर ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से कूड़ा डस्टबिन में डालने की अपील की। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए भी जागरूक किया गया।