पुरानी बस्ती। त्योहारों पर घर लौटने और फिर महानगरों की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से 20 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। हालात यह हैं कि आरक्षित टिकट होने के बावजूद लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं, बृहस्पतिवार को बस्ती रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 10 ट्रेनें दो से छह घंटे तक विलंब से पहुंचीं या रवाना हुईं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
बस्ती से महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में 05736 अमृतसर स्पेशल दो घंटे, 04657 लुधियाना फेस्टिवल स्पेशल चार घंटे, 02569 नई दिल्ली क्लोन स्पेशल दो घंटे, 04405 शाकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल पांच घंटे और 02563 नई दिल्ली क्लोन स्पेशल तीन घंटे की देरी से रवाना हुईं।
वहीं, महानगरों से बस्ती आने वाली ट्रेनों में 01207 समस्तीपुर फेस्टिवल स्पेशल दो घंटे, 01079 गोरखपुर स्पेशल छह घंटे, 12212 गरीब रथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, 01415 गोरखपुर फेस्टिवल स्पेशल छह घंटे और 05576 सहरसा स्पेशल पांच घंटे विलंब से पहुंचीं।
त्योहारों पर ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने और कोच में नो-रूम की स्थिति के कारण यात्री निजी और सरकारी बसों का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली और मुंबई से आने-जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक भीड़ है। मजबूरी में यात्रियों को निजी बसों में महंगे किराये पर सफर करना पड़ रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय से अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ त्योहार मना सकें।
भीड़ नियंत्रित करने में जुटी रही जीआरपी और आरपीएफ
स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे। अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को ट्रेनों में व्यवस्थित तरीके से चढ़ने और उतरने की जानकारी दी जाती रही। पुलिसकर्मी प्लेटफार्म पर भीड़ नियंत्रित करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे। उधर, छठ पर्व को लेकर स्टेशन पर बज रहे छठ गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच गीतों ने पर्व का उल्लास बनाए रखा।