बस्ती। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से हाहाकार मचा है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे की आपूर्ति का दावा फेल हो गया है। उपभोक्ताओं का कहना हैं कि 15 से 18 घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण अंचल में तो बिजली आपूर्ति का शेड्यूल ही ध्वस्त हो गया है। कस्बों में 10 से 12 घंटे बिजली मिल रही है तो गांवों में दो से तीन दिन बिजली ही नहीं आ रही है।
शहरवासियों को बिजली कटौती ने रातभर परेशान किया। भीषण उमस के दौरान पिकौरा शिवगुलाम, मंगला कॉलोनी, रंजीत कॉलोनी, लैबुड़वा कॉलोनी, पिकौरा बख्श समेत दर्जन भर मोहल्लों में रात 10 बजे ही बिजली कट गई। फिर पांच घंटे बाद तीन बजे रात को बिजली आई। गर्मी से बिलबिला गए। लोगों ने छतों पर टहलकर रात बिताया। वहीं युवा वर्ग बिजली ठीक कराने के लिए उपकेंद्र तक दौड़भाग करता नजर आया। पिकौरा शिवगुलाम के प्रकाश ने बताया कि दिन भर की थकान रात में सोने के बाद उतरती है। भीषण गर्मी में बिजली ही नींद आने का सहारा है। लेकिन बिजली भी धोखा दे रही है। नींद नहीं पूरी होने से दिन भी खराब हो रहा है। इसी तरह आवास विकास मोहल्ले के संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि उनके मोहल्ले में रात में 8 से 10 बार बिजली कट रही है। पूरी रात चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। नियमित बिजली नहीं मिलने से इनवर्टर भी नहीं काम कर रहा है। छोटे बच्चे तो गर्मी से व्याकुल होकर रोने लग रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के रुधौली, सल्टौआ, भानपुर, दुबौलिया, कलवारी, नगर उपकेंद्र आदि उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ों गांवों में विद्युत आपूर्ति बुरी तरह लड़खड़ाई हुई है।