17 वें दिन भी नहीं मिला कोरोना संक्रमित
- मेडिकल कॉलज से मिली 1877 की रिपोर्ट निगेटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में कोरोना संक्रमित भले ही नहीं है लेकिन कोविड-19 जांच नियमित हो रही है। लगातार 17 वें दिन महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में कोई नया पाजिटिव केस नहीं पाया गया। बृहस्पतिवार को 1877 लोगों की जारी की गई कोविड-19 जांच रिपोर्ट में सभी निगेटिव मिले हैं।
एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन बताया कि कोरोना संक्रमण से अब तक 330 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 11,715 है, जिसमें 11384 स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड-19 का कोई सक्रिय मरीज नहीं है। 3,842 लोगों की कोविड-19 रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। कोरोना जांच के लिए अब तक सात लाख 79 हजार 847 सैंपल लिए गए हैं। सात लाख 76 हजार 244 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें सात लाख 64 हजार 529 निगेटिव पाए गए हैं। कोविड-19 जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से शहर और गांवों से गुरुवार को 1638 सैंपल लिए गए। इसमें एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच शामिल हैं। नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्र डॉ. एके कुशवाहा ने कहा कोविड-19 जांच के लिए रेलवे स्टेशन, बड़ेवन ओवरब्रिज के पास और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में सैंपल संकलित किए गए। एसीएमओ ने कहा कि कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है। कोरोना से बचाव के लिए नियमित मास्क लगाएं। दो गज की दूरी का पालन करें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।