सीएचसी बहादुरपुर में बाल रोग विशेषज्ञ नहीं
कलवारी/बहादुरपुर (बस्ती)। कलवारी और बहादुरपुर क्षेत्र के अधिकांश लोगों को बच्चों के इलाज के लिए जिला मुख्यालय तक की दौड़ लगानी पड़ती है। वजह यह कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। यह स्थिति तब है जब गरमी के चलते बच्चों के मौसमी बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है।
रामजानकी मार्ग पर कलवारी में स्थित सीएचसी बहादुरपुर में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। बच्चों का इलाज यहां तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद ही करते हैं। बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे तक 65 मरीज ओपीडी में आ चुके थे जिसमें करीब दस बच्चे भी थे जो डायरिया आदि मौसमी बीमारी से पीड़ित थे। यही नहीं, सीएचसी पर मरीजों को एक्स-रे से लेकर खून, मल-मूत्र की सामान्य जांच के लिए भी बाहर की पैथालॉजी की शरण लेनी पड़ती है। अस्पताल के वार्ड में भी जगह-जगह गंदगी मिली। यहां भर्ती मरीज आकाश ने बताया कि वार्ड में सफाई न होने के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में जगह-जगह डिस्पोजल सीरिंज फेंके मिले। वहीं, ओपीडी में आए राम गोपाल, सुदामा ने बताया कि जब भी इलाज के लिए आते हैं। यदि एक्स-रे व खून जांच की स्थिति आती को बाहर ही कराना पड़ता है।
बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं। एक्स-रे मशीन के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। जैसे ही मशीन मिलेगी मरीजों को एक्स-रे जांच की सुविधा मिलने लगेगी। अन्य समस्याओं को भी जल्द ही दूर कराया जाएगा।
डॉ. चंद्रशेखर, सीएमओ, बस्ती