पुरैना खास गांव में योजनाओं की जानकारी लेती नीति आयोग की टीम। संवाद
पैकोलिया। पुरैना खास गांव में सोमवार को नीति आयोग की टीम में शामिल केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निदेशक जीतेश शर्मा और गृह मंत्रालय के उपसचिव सुभाष कुमार ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया।
टीम ने गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालय का जायजा लिया। साथ ही अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर उनके लाभ के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में संचालित विभिन्न योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी जुटाई। उन्होंने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति को परखा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल,अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम और उप जिलाधिकारी सतेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्राम प्रधान मो. सलीम और खंड विकास अधिकारी हर्रैया विनय कुमार द्विवेदी भी उपस्थित थे।
नीति आयोग की टीम ने गांव में चल रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।