आठ बीघा गेहूं की फसल राख, सिघोंनी जंगल में भी लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पहली अप्रैल से जिले में लगातार आग का कहर जारी है। बृहस्पतिवार को सांऊघाट के बटेला के अनुसूचित जाति बस्ती में आग से नौ रिहायशी झोपड़ी व करीब आठ बीघा गेहूं की फसल जल गई। वाल्टरगंज के हरदिया विलोड़ी के सिघोंनी जंगल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। गौर के बाघडीह कुंवर में आग से गेहूं और गन्ने और गेहूं की फसल जल गई।
सांऊघाट ब्लॉक के बटेला गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती में सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग से नौ रिहायशी झोपड़ी और आठ बीघा गेहूं की फसल जल गई। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। ग्राम विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रामजीत, राजेंद्र प्रसाद, रामकरन, गया प्रसाद, मन्नाज, गंगा, किशनावति, पारसनाथ, अशर्फी लाल की रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई।
किशनावति के घर में रखी बाइक, साइकिल, अनाज, बर्तन, कपड़े आदि जलकर राख हो गए। अशर्फीलाल के घर में रखा सिलेंडर दग गया जिससे आग और भड़क गई। दलित बस्ती के बगल करमनवी का ढाई बीघा, राजाराम का डेढ़ बीघा, हजरत का दो बीघा व रामशब्द की पौने दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वाल्टरगंज क्षेत्र के हरदिया विलोड़ी के सिघोंनी जंगल में अज्ञात कारणों से दोपहर में आग लग गई। समय रहते ही पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
गौर थाना क्षेत्र के बाघडीह कुंवर गांव के उत्तर सिवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक आग रामदौन चौहान के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया और दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बगल में ही राघवेंद्र चौहान के गन्ने की फसल भी आग की चपेट में आ गई। करीब एक बीघा गन्ना जल गया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जसईपुर में दोपहर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से रामकरन का डेढ़ बीघा, रमजान अली, जाफर अली, मकसूद, इद्रीश व परशुराम का एक-एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग से तिनियहवा के रंजीत चौधरी, परमात्मा चौधरी, संदीप कुमार की भी गेहूं की फसल जल गई। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।