बस्ती। बिहार के मोतिहारी से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली शुभारंभ किया। उसमें दो ट्रेनें बस्ती पहुंचीं। यहां ट्रेन का भव्य स्वागत हुआ और उसकी खासियत बताई गई।
लखनऊ मंडल के रेल अधिकारियों ने बताया कि मालदा टाउन-गोमती नगर विशेष ट्रेन, दरभंगा-गोमती नगर विशेष ट्रेन, बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन तथा राजेंद्रनगर-नई दिल्ली विशेष अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन हरी झंडी दिखाकर किया गया। इन ट्रेनों में दो के प्रथम आगमन पर बस्ती रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। पहली ट्रेन शाम सात बजे पहुंची। यहां से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर मनकापुर और गोंडा स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों तथा उपस्थित लोगों ने ट्रेन के लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर और यात्रियों का भव्य स्वागत किया और इस अवसर को यादगार बना दिया। शाम 7.15 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस मौके पर विधायक सदर महेंद्र नाथ यादव, चेयरमैन नगर पालिका नेहा वर्मा, अंकुर वर्मा, स्टेशन अधीक्षक मो. नसीम अहमद, मनोज यादव, युनूस, रेलवे के डीसीआई विशाल श्रीवास्तव, एसीएम ओंकारनाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।