गोनार-कछुआड़ घाट पर बने पुल पर नहीं लगे सुरक्षा संबंधी बोर्ड संवाद
बस्ती। दोआब क्षेत्र के लोगों के बेहतर आवागमन का सपना पुल बनने से वैसे तो साकार हो गया है, मगर अभी कई कार्य अधूरे होने से सफर के दौरान राहगीरों को डर सता रहा है। पुल निर्माण के बाद जरूरी सुरक्षा संबंधी कार्य अभी तक अटके हुए हैं। इससे राहगीर सांसत झेल रहे हैं। कुदरहा ब्लॉक क्षेत्र के कुआनो नदी के गोनार-कछुआड़ घाट पर पुल का निर्माण वैसे तो पूरा करते हुए यहां एप्रोच बनाकर आवागमन शुरू करवा दिया गया है, मगर अभी एप्रोच और घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा संबंधी संकेतक और रेडियम नहीं लगाए गए हैं। न ही पटरी का निर्माण पूर्ण हो पाया है। बताया गया कि राज्य सेतु निगम इस पुल को करीब 12.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कराया है।
पुल पांच पिलर पर खड़ा हुआ है। नदी के दोनों तटों पर दो-दो पिलर और एक पिलर नदी की धारा में है। यह पुल करीब 106.88 मीटर लंबा है, पहुंच मार्ग 1400 मीटर है। पुल निर्माण के बाद 50 से अधिक गांवों के लोग सीधे अब जिला मुख्यालय सहित महादेवा, मुंडेरवा व लालगंज बाजार आ-जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल तो नदी पर बना दिया गया है, मगर यहां सुरक्षा संबंधी कार्य अभी तक नहीं कराए गए हैं।
सर्विस लेन की पटरी भी ठीक नहीं की गई है। इससे रात में इस पुल से सफर करना कठिन सा लगता है। अंधेरे में कभी भी हादसा हो सकता है। यहां पहुंच व अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य लटके हुए हैं।