बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास कार्यों की मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में हुई। इसमें विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्घता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल निगम, नियोजन, पंचायतीराज, पंचम वित्त राज आयोग, पर्यटन, लोकनिर्माण, लोक शिकायत, कृषि एवं सहकारिता सहित संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप पाई गई हैं, उनके संबंध में संबंधित अधिकारी अपेक्षित प्रगति करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण से संबंधित कोई भी शिकायत न आने पाए। खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें। आईजीआरएस मामलों के निस्तारण में बिना राग-द्वेष के सुस्पष्ट आख्या लगाएं। बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त कमला पांडेय ने किया।
इस दौरान डीएम सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन, संतकबीरनगर आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, बलराम सिंह, जयकेश त्रिपाठी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सिद्धार्थनगर वीना तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।