महेश प्रताप इंटर कॉलेज में नवोदयविद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा देते बच्चे।
रुधौली, बस्ती। जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर परीक्षा कराई गई। 14 केंद्रों पर कुल 3693 बच्चों की परीक्षा होनी थी लेकिन, 1177 बच्चे गैरहाजिर हो गए। कुल 2516 बच्चे ही इस परीक्षा में हिस्सा लिए।
प्रवेश परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुबह से सख्ती बरतनी शुरू कर दी गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाए गए। परीक्षा के निर्धारित समय 11.30 से आधे घंटे पहले ही बच्चों को केंद्रों के भीतर प्रवेश दे दिया गया।
इसके बाद परीक्षा शुरू कराई गई। यह परीक्षा दो घंटे तक 1.30 बजे तक चली। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दल केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लेते रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमित सक्सेना भी अपनी टीम के साथ परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर निगरानी में जुटे रहे। ओएमआर शीट पर बच्चों को कुल 80 बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देना था। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न शामिल रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभिभावक और बच्चों की भीड़ जुटी रही। केंद्रों के बाहर दिन में डेढ़ बजे तक हलचल बनी रही।
परीक्षा देने के बाद बाहर रुधौली ब्लॉक के परीक्षा केंद्र महेश प्रताप इंटर कॉलेज से बाहर निकली छात्रा खुशबू ने बताया हिंदी और गणित के प्रश्न आसान थे। सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्न उलझाऊ थे जिसे निगेटिव मार्किंग की वजह से छोड़ दिया। वहीं छात्र प्रेम शंकर ने बताया कि परीक्षा आसान प्रश्न आए थे। जिसे हल करने के लिए समय भी पर्याप्त मिला था, पेपर अच्छा हुआ है।
52 बच्चों ने छोड़ी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा: हर्रैया। नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया में शनिवार को नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा हुई। 258 परीक्षार्थियों में 52 ने परीक्षा छोड़ दी। प्रधानाचार्य विनोद प्रकाश वर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों को उनके पहचान पत्रों से मिलान कर जांच पड़ताल के बाद कमरों में प्रवेश दिया गया।