हर्रैया। महिला ने कभी एटीएम कार्ड लिया ही नहीं, फिर भी उसके खाते से पांच लाख से ज्यादा रुपये निकाल लिए गए। इस रकम की निकासी एटीएम कार्ड के जरिए करना दर्शाया गया है। सोमवार को महिला रकम निकालने अपने पुत्र के साथ बैंक पहुंची, तब इसकी जानकारी हुई। शाखा प्रबंधक से शिकायत कर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि 31 जनवरी से पांच फरवरी के बीच यह रकम एटीएम से निकाली गई।
महिला का कहना है कि उसने कभी एटीएम जारी ही नहीं कराया है। माना जा रहा है कि फर्जी ढंग से एटीएम कार्ड जारी करवाकर महिला के खाते से रुपये निकाले गए हैं। महिला ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हरिवंशपुर गांव निवासी इंद्रावती व इनके पति अयोध्या का पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में संयुक्त खाता है। अयोध्या की मौत करीब तीन वर्ष पहले हो गई है।
इसी खाते से रकम की लेन-देन होती है। सोमवार को इंद्रावती अपने पुत्र के साथ बैंक की शाखा में रकम निकालने पहुंचीं। जब वाउचर भरकर उन्होंने निकासी काउंटर पर जमा किया तो पता चला कि खाते में इतनी रकम है ही नहीं। यह सुनते ही इंद्रावती व उनके पुत्र के होश उड़ गए। जब ब्योरा निकाला गया तो मालूम हुआ कि 31 जनवरी से पांच फरवरी के बीच कुल पांच लाख 40 हजार 200 रुपये कई बार में एटीएम से निकाले गए हैं। पीड़िता ने बताया कि उनके पास न कोई एटीएम कार्ड है और न ही कभी उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।