बभनान (बस्ती)। ट्रेन में विवाद के बाद चेन पुलिंग करने के आरोप में पकड़े गए आरोपी को छुड़ाने के लिए हंगामा करने पर आरपीएफ की टीम ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोरखपुर के गीडा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
अयोध्या- गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन में सीट पर बैठने की बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। बभनान रेलवे स्टेशन से रवाना होने पर हाथापाई करके कुछ लोग धीमी गति से चल रही ट्रेन से नीचे उतरकर भागने लगे। दूसरा पक्ष उसे पकड़ने के लिए ट्रेन में चेन खींच दी। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ चौकी इंचार्ज भीम सिंह अपने साथियों के सहित पहुंचे और चेन पुलिंग करने वाले को पकड़ लिया। साथी को पकड़े जाते देख ट्रेन में यात्रा कर रहे उसके 10 अन्य साथी भी ट्रेन से उतर गए और पकड़े गए लोगों को आरपीएफ की चंगुल से छुड़ाने का प्रयास करने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद आरपीएफ के जवानों ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
पकड़े गए आरोपियों में विकास यादव, निवासी बड़गहन, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर पर चेन पुलिंग करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। उसी गांव के उसके साथी अभय यादव, बलवंत सिंह, अभिमन्यु यादव, बलराम यादव, पंकज कुमार सिंह, रीतेश सिंह, संदीप यादव, पवन यादव, सत्यम सिंह सहित दस लोगों पर शोर मचाते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।