मुंबई व दिल्ली के यात्रियों का रेला, जांच के लिए केवल दो कर्मी
बस्ती। ओमिक्रॉन के खतरे के बीच अब ट्रेन से आने वाले यात्रियों का स्टेशन पर रेला लग गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की आरआरटी के हाथ पांव फूलने लगे हैं। क्योंकि यहां मुंबई व दिल्ली से आने वाले यात्रियों का रेला लग गया है। जिसे संभालने में टीम नाकाम साबित हो रही है। जबकि जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के लोग बताते हैं कि रेल प्रशासन व आरपीएफ या पुलिस से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसे में हर ट्रेन में केवल दस से पंद्रह लोगों की ही जांच हो पा रही है।
मुंबई व दिल्ली में नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से लोग संक्रमित होने लगे हैं। ऐसे में वहां से लोग अपने-अपने घरों की ओर आने लगे हैं। इसके चलते ट्रेन में भीड़ बढ़ गई और यहां जांच के लिए रैपिड रिस्पांस टीम भीड़ देखकर परेशान है। क्योंकि सुबह के समय टीम में चार तो दोपहर व शाम को मात्र दो-दो लोग जांच करते हैं। इन स्थितियों के चलते जांच का दायरा बढ़ नहीं पा रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. एके कुशवाहा ने कहा कि रेल प्रशासन व पुलिस से सहयोग मांगा गया था, मगर अब तक उसका कोई सार्थक परिणाम नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में केवल टीम केवल दस से पंद्रह लोगों की ही जांच कर पा रही है। स्टेशन अधीक्षक नसीम ने कहा कि ट्रेन से जो लोग मुंबई दिल्ली से आ रहे हैं उनकी जांच की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के टीम की है। यदि भीड़ बढ़ रही है तो सहयोग के लिए बताया जाना चाहिए अब तक स्वास्थ्य विभाग ने कोई सहयोग नहीं मांगा है। वहीं आरपीएफ इंसपेक्टर वीके सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहयोग मांगता तो यात्रियों की लाइन लगाकर जांच करवा दी जाती। लेकिन, अब तक ऐसा कुछ न तो कोई सहयोग मांगा और न आरपीएफ ने कोई हस्तक्षेप किया।
मुंबई से आया यात्री कोरोना पॉजिटिव मिला, जिले में पांच सक्रिय केस
बस्ती। रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आए एक यात्री एंटीजन जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला। उसे जांच टीम ने परिवार के साथ घर भेजा है। साथ ही उस क्षेत्र की टीम को संबंधित को तत्काल होम क्वारंटीन कराने के निर्देेश दिए गए हैं। टीम उसके गांव पर मौजूद है। इस नए पॉजिटिव केस के बाद जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या पांच हो गई है। इनमें से एक वाणिज्य कर विभाग के कर्मी हैं जो कानपुर में भर्ती हैं। जबकि अब तक नोएडा से एक, मुंबई से दो जबकि कांट्रेक्ट ट्रेसिंग में एक युवती को पॉजिटिव पाया गया है। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। नोएडा से आए युवक के सैंपल को जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए एकत्रित कर लिया गया है।