बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गांधारिया गांव के पास रविवार शाम पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह ननिहाल से घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नगर थाना क्षेत्र के पोखरा बाजार निवासी मोहन उर्फ लाले रविवार शाम करीब 5:40 बजे बाइक से घर लौट रहा था। गांधारिया गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची वाल्टरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मोहन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वर्ष 2011 में पिता रामजीत उर्फ रामू चौरसिया की मौत के बाद मां कुशलावती देवी ने मजदूरी कर पांचों बच्चों का पालन-पोषण किया था। मोहन की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में एक बहन की शादी होनी बाकी है। उसके बड़े भाई सोहन की हाल ही में शादी हुई थी।
जवान बेटे की मौत से मां कुशलावती देवी बेसुध हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। वाल्टरगंज पुलिस के अनुसार, मृतक के बड़े भाई सोहन की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पिकअप को कब्जे में लेने और चालक की तलाश में कार्रवाई कर रही है।