बैड़वा समय माता मंदिर में पूजन- अर्चन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
बस्ती। चैत्र नवरात्र के महाअष्टमी/नवमी पर्व पर बृहस्पतिवार को लोगों ने पूजन-अर्चन के साथ हवन-पूजन भी किया। देवी के मंदिरों में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर में आरती के बाद आसपास का क्षेत्र भक्ति मय हो गया।
अष्टमी-नवमी पर्व एक साथ होने के नाते तमाम श्रद्धालु असमंजम में रहे, बावजूद इसके मंदिरों में हवन-पूजन हुआ। देवी भगवती को नारियल, चुनरी अर्पित कर खुशहाली मांगी।
श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन और परिक्रमा के बाद उन्हें उपहार देकर विदा किया। मगर, शुक्रवार को भी नवमी होने के नाते तमाम लोग व्रत का समापन नहीं किए। बताया गया कि यहां नवमी दिन में 12 बजे तक रहेगी। चैत्र नवरात्र के अष्टम दिवस यानी सूर्योदय व्याप्त अष्टमी के दिन घर-घर देवी माता के पूजन के साथ तमाम लोगों ने दोपहर बाद हवन किया। लोगों ने भगवती का हवन करके पूर्णाहुति की। शुक्रवार को भी नवमी तिथि होने पर सुबह से ही मंदिरों और घरों में हवन कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।
पं. श्रीकांत शुक्ल के अनुसार, नवमी तिथि शुक्रवार को भी है। ऐसे में 12 बजे तक कन्या पूजन और हवन कर सकेंगे। शहर के केडीसी दुर्गा मंदिर, समय माता बैडवा भानपुर, स्टेशन रोड स्थित काली मंदिर में सर्वाधिक भीड़ रही। इसके अलावा डारीडीहा दुर्गा मंदिर, दुबखरा, बलुआ समय माता, कप्तानगंज दुर्गा मंदिर, आवास विकास काली मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चन की।