पुरानी बस्ती। त्योहारों में पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हो रही है। बृहस्पतिवार को बस्ती रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। गोरखपुर स्पेशल नौ घंटे और सहरसा स्पेशल सात घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं, कई अन्य स्पेशल ट्रेनें भी तीन से छह घंटे तक लेट रहीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
बस्ती स्टेशन से रवाना होने वाली ट्रेनों में अमृतसर स्पेशल (05736) करीब तीन घंटे 30 मिनट, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन और बरौनी-नई दिल्ली क्लोन लगभग तीन-तीन घंटे लेट रहीं। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्पेशल करीब छह घंटे और हडपसर-गोरखपुर स्पेशल (01416) तीन घंटे 30 मिनट की देरी से चलीं। गोरखपुर स्पेशल (01079) करीब नौ घंटे और सहरसा स्पेशल (05576) सात घंटे की देरी से पहुंचीं।
हडपसर-गोरखपुर स्पेशल (01415) पांच घंटे, अंत्योदय सुपरफास्ट (12598) तीन घंटे 30 मिनट और लोहित एक्सप्रेस (15652) करीब तीन घंटे लेट रही। डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। समस्तीपुर स्पेशल (01207) भी निर्धारित समय से देरी से आई। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को सीटें उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। दूसरे रेल मंडलों में रखरखाव कार्य के कारण मुख्य रूप से स्पेशल ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित ट्रेनें सामान्य तौर पर समय से संचालित हो रही हैं।