बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया चौराहे के पास सोमवार को बाइक सवार एक युवक को बिना नंबर प्लेट वाली कार में सवार मनबढ़ों ने अगवा करके रोक लिया। पीड़ित के अनुसार उसे दो सौ मीटर तक घसीट कर ले गए। इसके बाद उसे मारा पीटा गया। बदमाश उसकी बाइक छीनकर उसे भी लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मारपीट एवं लूट की प्राथमिकी दर्ज की है। पैकोलिया थाना क्षेत्र के ग्राम चोरखरी निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह अपनी बाइक से जा रहे थे। फुटहिया के निकट स्थित मारुति एजेंसी के सामने बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार सवार लोगों ने उनकी बाइक जबरन रोक ली। दबंगों ने उन्हें कार से घसीटते हुए करीब 200 मीटर तक ले जाकर गिरा दिया और मारपीट की। इसके बाद आरोपी बाइक की चाभी छीनकर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना डाॅयल 112 पर भी दी थी। पीड़ित ने बताया कि मारपीट में उसे चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित के तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई है।