टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत साड़ी कल्प गांव में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, साड़ी कल्प गांव निवासी दुर्गेश कुमार के घर के पास खाली पड़ी जमीन पर गौर थाना क्षेत्र के बेलवाड़ाड गांव के कुछ लोग मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कब्जा करने पहुंचे। आरोप है कि विरोध करने पर आए लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गुनी देवी, नीता और राधिका घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि गुनी देवी के सिर में गंभीर चोट आई है। घायलों का उपचार कराया गया। पीड़ित दुर्गेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। सूचना मिलने पर टिनिच चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुंवर मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।