परसा तिराहे पर खाद गोदाम की जांच करते कृषि मंत्री-संवाद
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के परसा तिराहे के पास परशुरामपुर मार्ग पर स्थित एक निजी खाद की दुकान पर शनिवार की शाम को कृषि मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही पहुंच गए। उन्होंने खाद की दुकान की गहन जांच पड़ताल की। इसके बाद दुकानदार को ओवर रेटिंग पर चेतावनी भी दी। उन्होंने रजिस्टर में अंकित कुछ किसानों के मोबाइल फोन पर संपर्क कर जानकारी जुटाई तो ओवर रेटिंग की बात सामने आई।
इसके अलावा उन्होंने स्टाॅक रजिस्टर की भी जांच की। ओवर रेटिंग को लेकर जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्या और एडीओ एजी राम ललन मिश्र को जमकर फटकार लगाई। मंत्री के आदेश पर कृषि उपनिदेशक बस्ती अशोक कुमार ने दुकान के स्टाॅक में मौजूद यूरिया, पोटाश, जिंक सल्फेट सहित कुछ अन्य कैमिकल का सैंपल लिया और जांच के लिए भेजा। इस मौके पर नायब तहसीलदार गौर शालिनी पटेल के अलावा एसएचओ मोती चंद राजभर, प्रभारी निरीक्षक गौर अतुल अंजान आदि मौजूद रहे।