बस्ती। मुंडेरवा थाना के रामपुर रेवटी गांव निवासी 58 वर्षीय सतीश मिश्र की रविवार को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। नोएडा से घर आए उनके पुत्र ने जहर देख कर हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह और सीओ रुधौली स्वर्णिम सिंह ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रामपुर रेवटी निवासी सतीश मिश्र परिवार सहित गुड़गांव में रहते थे। 30 मई को गुड़गांव से अपने पैतृक गांव रामपुर रेवटी आए थे। उनका बेटा सौरभ नोएडा में रहकर काम करता है। दिवंगत सतीश की तबीयत रविवार को खराब हो गई तो परिवार के लोग कैली अस्पताल ले गए। डाक्टर ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना उनके पुत्र सौरभ को दी।
पिता की मृत्यु की खबर सुनकर सौरभ नोएडा से घर पहुंचा और जहर देकर हत्या की आशंका जताते हुए मुंडेरवा पुलिस को सूचित किया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान मय फोर्स रामपुर पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। घटना स्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम और एएसपी ने जानकारी एकत्रित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।