बस्ती। रेलवे स्टेशन पर रविवार की मध्यरात्रि के बाद करीब दो बजे प्लेटफार्म संख्या तीन पर युवक की ट्रेन की चपेट में आने से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमांशु द्विवेदी 27 पुत्र मृत्युंजय द्विवेदी निवासी पकड़ी चंदा, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि हिमांशु दौड़कर ट्रेन पकड़ने का प्रयास करते समय उसके नीचे आ गए।
परिजनों के अनुसार, हिमांशु का चयन अभी हाल ही में प्रयागराज में प्रोफेसर के पद पर हुआ था। उनका परिवार गोरखपुर रहता है। ज्वाइनिंग के लिए रविवार को वह गोरखपुर स्थित अपने घर से प्रयागराज जाने के लिए निकले।
गोरखपुर चौरीचौरा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज के लिए उनका टिकट भी था। रात में वह न जाने कैसे उलटा बस्ती स्टेशन पहुंच गए। परिजनों ने आशंका जताई कि हिमांशु शायद गलती से बस्ती की तरफ आ रही ट्रेन पर सवार हो गए। बस्ती पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि वह गलत आ गए तो यहां प्लेटफार्म नंबर एक पर उतर गए होंगे। इसी बीच प्लेटफार्म संख्या तीन पर गोरखपुर को जाने वाली छपरा- मथुरा पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि इस ट्रेन को पकड़ने के लिए वह फुट ओवर ब्रिज से प्लेटफार्म तीन जाने लगे। तभी सिग्नल मिलने पर यह ट्रेन चल दी। हिमांशु दौड़कर ट्रेन में बैठने का प्रयास करने लगे। इसी समय पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
उनके शरीर का आधा हिस्सा कट गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शव के शिनाख्त के बाद परिजनों की सूचना दी गई। कुछ देर के बाद परिजन भी पहुंच गए। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हिमांशु एक बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उनकी मौत पल भर में घर की खुशी मातम में तब्दील हो गई।
बताया जा रहा है कि हिमांशु का प्रोफेसर पद पर चयन होने के बाद घर में खुशी का माहौल था। जीआरपी थाना प्रभारी पंकज कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद परिजन पहुंच गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।