नगर बाजार (बस्ती)। ग्राम पंचायत पोखरा के गोशाला में एक शख्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह सफाईकर्मी ने उसे पड़ा देखा था तो पुलिस और प्रधान को सूचना दी। थोड़ी देर में शव की पहचान पोखरा निवासी नवाब निषाद (50) के रूप में हुई। नवाब निषाद परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य था। उरीके पत्नी दुर्गावती और पांच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, प्रधान प्रतिनिधि बुधेस सिंह ने सुबह एक सफाई कर्मी को गोशाला की साफ-सफाई के लिए भेजा था। वहां एक शख्स पड़ा था, सफाईकर्मी उसके पास जाकर आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला न ही उसके शरीर में कोई हरकत हो रही थी। इसके बाद सफाईकर्मी ने प्रधान और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रधान प्रतिनिधि और पुलिस मौके पर पहुंच गई। नगर थाने के प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
प्रधान प्रतिनिधि बुधेस सिंह का कहना है कि नवाब निषाद प्रतिदिन करीब दो घंटे गोशाला में बिताता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह की जानकारी लग पाएगी। उधर, कप्तानगंज बीडीओ ने बताया कि गोशाला में एक महिला केयरटेकर भी तैनात है। पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।