पश्चिमोत्तर क्षेत्र से आ ही सर्द हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया। नतीजा यह रहा कि बुधवार को पारा गोते लगाने लगा। 24 घंटे के भीतर हुए तापमान में रिकार्ड गिरावट दर्ज की गई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि तापमान अभी यूं ही अस्थिर रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम पारा 11 डिग्री पर था, जो कि बुधवार को 9 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई भारी गिरावट से बुधवार इस साल का अब तक का सबसे ठंडा दिन माना गया। आने वाले दो-तीन दिन तापमान में स्थिरता बनी रहने की बात कही जा रही है।
दिसंबर शुरू होते ही ठंड के मौसम ने पूरे वातावरण को आगोश में ले लिया। एकाएक इतनी ज्यादा ठंड पड़ने लगी कि लोग परेशान हो गए। कई दिनों तक सूरज नहीं निकला लेकिन इधर पिछले हफ्ते में तापमान में जबरदस्त उछाल आया। शनिवार-रविवार को दिन में इतनी तेज धूप हुई कि किसानों में मायूसी छा गई। हालांकि दो दिन के भीतर ही दोबारा सर्द के मौसम ने अपनी रंगत दिखा दी। बुधवार को जोरदार ठंड के बीच बस स्टैंड, बाजार सहित मुख्य चौक-चौराहों पर लोगों को अलाव की तलाश करते देखा गया।
मौसम विशेषज्ञ डा. पद्माकर त्रिपाठी के अनुसार उत्तर भारत में जबरदस्त बर्फबारी की वजह से हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया। जनवरी के पहले हफ्ते के बीच हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।