बस्ती। अखिल भारतीय संस्था (एआईओसीडी) के आह्वान पर 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के समर्थन में बस्ती केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) के पदाधिकारियों ने शनिवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर मांगों का संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि एआईओसीडी देशभर के 12.4 लाख से अधिक केमिस्ट एवं दवा वितरकों का शीर्ष संगठन है। सरकार की ओर से दवा व्यवसायियों की प्रमुख मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने के विरोध में 20 मई को एक दिवसीय भारत बंद का निर्णय लिया गया है। संगठन के निर्देशानुसार जिले के समस्त दवा व्यवसायी भी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। संगठन की प्रमुख मांगों में कोविड काल में जारी अस्थायी अधिसूचना जीएसआर 220-ई को तत्काल प्रभाव से निरस्त करना, ई-फार्मेसी से संबंधित सूचना एवं जीएसआर 817-ई को वापस लेना आदि मांग शामिल हैं।
अध्यक्ष राजेश सिंह व महामंत्री अशोक सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि यह केवल व्यापार का नहीं बल्कि मरीजों की सुरक्षा का भी विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक सरकार ने मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। बंदी के लिए नियुक्त प्रभारी ओसीडी यूपी के रीजन सेक्रेटरी आशुतोष कुमार राय के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, महामंत्री अशोक कुमार सिंह, चेयरमैन विशाल मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष रामगोपाल कसौधन, संगठन मंत्री इंद्रमणि पांडेय, होलसेल कमेटी अध्यक्ष शीतला पटेल, रिटेल कमेटी अध्यक्ष पवन मल्होत्रा एवं उपाध्यक्ष शिव मूरत मिश्रा एवं अमन गुप्ता ने ज्ञापन सौंपा।