बभनान। गौर ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में जमकर गहमागहमी हुई। हालांकि बाद में ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। तब जाकर बैठक में आगे की कार्रवाई पूरी हुई। इस बीच क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों से कार्य योजना के प्रस्ताव मांगे गए।
शनिवार को ब्लाॅक प्रमुख कांति शुक्ला की अध्यक्षता में गौर ब्लाॅक के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बैठक भत्ता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से बैठक में आने-जाने का भत्ता उन्हें नहीं मिला है। जिसको लेकर हुए बैठक के बीच में ही हंगामा करने लगे। खंड विकास अधिकारी केके सिंह ने बताया कि जिन सदस्यों का खाता स्टेट बैंक और पीएनबी में है उनके खाते में बैठक भत्ते का पैसा भेज दिया गया है। जबकि जिनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। उसमें तकनीकी गड़बड़ी के चलते पैसा नहीं जा पाया है। जिसे जल्द ही भेज दिया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मांग किया कि उन्हें क्षेत्र पंचायत से अपने क्षेत्र में जल निकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए कम से कम पांच-पांच सोखता, बैठने के लिए पांच-पांच बेंच व एक-एक सोलर लाइट की व्यवस्था बनाई जाए। बीडीओ ने कहा कि क्षेत्र पंचायत से 80 सोखता का निर्माण कराया जा चुका है। जिसका विरोध करते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि महज 80 सोखता से काम नहीं चलेगा।