संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुरानी पेंशन की मांग को लेकर कर्मचारी अब आरपार की लड़ाई की रणनीति तैयार कर रहे हैं। 21 मार्च को इसे लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन में पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मंच अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
यह निर्णय शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया। 21 मार्च को 11.30 बजे किसान पीजी कॉलेज परिसर में राज्य कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कर्मचारी एकत्र होंगे। यहां से रैली निकालकर डीएम केे माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष मस्तराम वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितों की अनदेखी कर रही है। उत्तर प्रदेश की सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है। पुरानी पेंशन बहाली के तक राज्य कर्मचारी चरणबद्ध ढंग से अपना आंदोलन जारी रखेगा।
कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार, पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष अजय आर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ अध्यक्ष अरुणेश पाल, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंडल अध्यक्ष ई. राजेश श्रीवास्तव, ग्राम विकास अधिकारी संघ मंडल अध्यक्ष राकेश पांडेय, डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ अध्यक्ष इं. अभिषेक सिंह ने कहा कि कर्मचारी एकजुट रहें तो मांगें पूरी होकर रहेंगी।
इस मौके पर फिरोज खान, मंशाराम, विनय शुक्ल, अरविंद चौधरी, राजेश कुमार, बजरंगी प्रसाद, पेशकार, रूद्रनरायन रूदल, शिव कुमार यादव, शिवमंगल पांडेय, उमेश वर्मा आदि मौजूद रहे।