कप्तानगंज (बस्ती)। दुबौलिया ब्लॉक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय फेरसहन में बृहस्पतिवार को मीना मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार ने किया।
मेले में बच्चों ने विज्ञान के खेल, गणित के ट्रिक, कबाड़ से जुगाड़, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ परिवेश, कानूनी जागरूकता, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर आधारित गतिविधियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। पैनल चर्चा, पोस्टर, बाल अधिकार कॉमिक बुक निर्माण एवं प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में कबड्डी, क्रिकेट, पपेट निर्माण, थिएटर पर आधारित खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने विज्ञान, गणित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े टीएलएम तैयार कर स्टॉल के माध्यम से उनके महत्व को समझाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए समाज की कुरीतियों पर चोट की गई और बच्चियों को साक्षरता व स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। नाटक और देशभक्ति गीतों ने लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवपूजन आर्य, समर बहादुर मौर्य, राजेश कुमार चौधरी, देवेंद्र कुमार, मोहम्मद रियाजुद्दीन, पूनम देवी, कंचन मौर्य, अपर्णा शर्मा, इंदुमती, कुसुम देवी, कंचन देवी आहउ पस्थित रहे।