बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज बस्ती की चिकित्सा इकाई ओपेक चिकित्सालय कैली को आधुनिक आईसीयू से अपग्रेड करने की योजना जल्द पूरी होने वाली है। तीन साल पहले बनी योजना धरातल पर उतरने वाली है। माना जा रहा है कि जल्द ही भवन को हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसके बाद आईसीयू की सुविधा मरीजों को मिलने लगेगी। भवन पूर्ण हो चुका है। वहीं, तीनों परियोजना पर 38.59 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
बता दें कि मरीजों की सहूलियत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आईसीयू सेवा के लिए पहल किया था। यहां से भेजे गए प्रस्ताव के बाद शासन स्तर से प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत मार्च 2024 में 18.52 करोड़ रुपये से 50 शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2025 में भवन को पूर्ण करके हैंडओवर करना था, मगर इसमें लेटलतीफी हुई। मियाद पूरा होने के सालभर बाद भवन बनकर तैयार हो गया।
मगर, अभी तक हैंडओवर न होने से आईसीयू सेवा चालू नहीं हो सकी है। अब निर्माण एजेंसी राजकीय निर्माण निगम ने भवन हस्तांतरित करने के लिए पत्राचार कर दिया है। हालांकि, अभी थर्ड पार्टी की जांच रिपोर्ट न आने से भवन को हैंडओवर नहीं कराया जा सका है। बताया गया कि जल्द ही केंद्रीयकृत वातानुकूलित भवन में आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर की स्थापना की जाएगी।
इससे मेडिकल कॉलेज में पहुंचने वाले गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। यहां चिकित्सक वेंटीलेटर, आईसीयू आदि की सुविधा मिलेगी। इससे यहां से रेफर होने वाले दर्जनों गंभीर मरीजों को सहूलियत मिल सकेगी। बताते हैं कि सभी परियोजनाएं पूर्ण होने पर पुराने भवन लकदक दिखेंगे।
-
9.78 करोड़ से ओपीडी, एडमिन व इमरजेंसी ब्लाॅक का नवीनीकरण व मरम्मत
मेडिकल कॉलेज कैली में नौ करोड़ 78 लाख रुपये की स्वीकृत परियोजना के तहत ओपीडी, इरमजेंसी, एडमिन ब्लाॅक का नवीनीकरण और मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। मार्च में स्वीकृत परियोजना को मई 2026 में पूर्ण करना है। अभी तक 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण दिखाया गया है। इमरजेंसी व ओपीडी ब्लाॅक कार्य पूर्ण है। पेंटिंग, टाइल्स कार्य चल रहा है। वहीं, कार्यदायी संस्था ने चार करोड़ 76 लाख रुपये की मांग की है। एजेंसी का मानना है कि धनराशि मिलने पर कार्य और तेजी से हो सकेगा।
-
10.29 करोड़ से पैथालॉजी, ब्लड बैंक, डायग्नोस्टिक व ओटी कांप्लेक्स का हो रहा मरम्मत
चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से मार्च 2024 में कॉलेज के चिकित्सा इकाई में पुराने भवन व संसाधनों का मरम्मत कार्य जीर्णोद्धार के लिए 10.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इसमें पैथालॉजी, ब्लड बैंक, डायग्नोस्टिक ब्लॉक एवं ओटी कांप्लेक्स के नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य होना है। बताया गया कि 45 प्रतिशत कार्य हो चुका है। बताया गया कि अस्पताल क्रियाशील होने के चलते एक साथ संपूर्ण कार्य करने में कठिनाई हो रही है। ऐसे में विलंब हो रहा है। परियोजना अब तक पूर्ण होनी थी, मगर ऐसा नहीं हुआ है। कार्यदायी संस्था ने पूर्ण होने की तिथि में संशोधन की मांग की है।
कोट
क्रिटिकल केयर यूनिट बन गई है। थर्ड पार्टी की जांच रिपोर्ट आनी है, इसके बाद हैंडओवर होगा। आईसीयू के साथ अन्य सेवाएं मिलेंगी। वहीं, दो अन्य परियोजना पर कार्य चल रहा है। जल्द पूर्ण करने के लिए कहा गया है।
-डॉ. अनिल यादव, उप प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज, बस्ती।