बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज बस्ती में यूपी और ऑल इंडिया यूजी-नीट उत्तीर्ण छात्रों का एमबीबीएस सीटों पर पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। पहले चरण की काउंसिलिंग में 82 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। शेष सीटों पर प्रवेश द्वितीय चरण में होगा।
इस साल के पहले चरण की काउंसिलिंग में यूपी के लिए बस्ती मेडिकल कॉलेज को 84 सीट आवंटित की गई हैं। इसमें से 80 सीटों पर प्रवेश पूरा कर लिया गया है। चार सीटें रिक्त हैं। जबकि ऑल इंडिया कोटे की आरक्षित 15 सीटों में से पहले चरण की काउंसिलिंग में सिर्फ दो छात्रों का प्रवेश पूरा हुआ। नोडल अधिकारी एनएमसी प्रोफेसर डॉ. श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि पहले चरण की हुई काउंसिलिंग में राज्य स्तर और ऑल इंडिया कोटे से 82 सीटों पर प्रवेश हुआ है। यूपी कोटे से अभी चार और ऑल इंडिया कोटे से 13 सीट रिक्त है। बताया कि सेकेंड काउंसिलिंग में शेष सीटों पर प्रवेश होगा। बताया कि स्टेट कोटे में जो चार छात्र आए थे उनके कागजात कंप्लीट नहीं थे, ऐसे में दोबारा बुलाया गया, लेकिन फिर लौटे नहीं। यूपी और आल इंडिया कोटे में 17 सीटें रिक्त हैं।
-
पैरामेडिकल में 80 सीटें एलाट, 79 पर हुआ प्रवेश
महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज बस्ती में चालू सत्र में पैरामेडिकल के लिए 90 सीटों में 80 सीटें आवंटित हैं। 79 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें डीएमएलटी, ओटी टेक्निशीयन और सीटी स्कैन टेक्निशीयन की पढ़ाई हो रही है।
-