बाइक सवार महिला व युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत
पुरानी बस्ती। गोरखपुर-अयोध्या हाईवे पर परसा जाफर चौराहे के पास शनिवार को ट्रक के चपेट में आने से एक महिला व युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। खझौला पुलिस चौकी इंचार्ज योगेश कुमार सिंह ने चौकी से थोड़ा पहले ट्रक पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार होने में कामयाब रहा।
जनता कर्फ्यू के चलते कड़रखास थाना पुरानी बस्ती निवासी महिला बासमती (45) रिश्तेदारी के भतीजे अमर (22) निवासी भुवर निरंजनपुर थाना कोतवाली के साथ मंडी जरूरी सामान खरीदने गई थीं। लौटते समय परसा जफर चौराहे के पास ट्रक ने रौंद दिया। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। पति ओमप्रकाश की दिमागी हालत ठीक नहीं है। पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।