विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे में सोमवार सुबह शौचालय से बाहर निकलते ही एक राजमिस्त्री पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विक्रमजोत गांव निवासी गोपाल ने छावनी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई बब्लू पेशे से राजमिस्त्री है। सोमवार सुबह बब्लू घर के सामने बने शौचालय में गया था। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही पड़ोसियों ने उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। थानाध्यक्ष राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गोपाल की तहरीर के आधार पर सुनीता पत्नी सुभावन, उनकी दो बेटियों खुशबू और मुस्कान तथा दद्दू पुत्र हीरालाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद