विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पिता की तहरीर पर मृतिका के पति पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के नेतवर पट्टी गांव निवासी बंब बहादुर सिंह ने अपनी पुत्री पूजा का विवाह धौरहरा गांव निवासी आशीष सिंह के साथ 12 साल पूर्व की थी। मृतका के दो बच्चे हैं। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद उसकी पुत्री के साथ आए दिन मारपीट करता था। पिता के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि आशीष अपने परिजन के साथ पूजा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत लेकर पहुंचा है। सूचना पाकर जब वह अस्पताल पहुंचे तो उनकी पुत्री अस्पताल के बाहर स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में मिली। कारण पूछने पर पति और उसके परिजन अलग-अलग बातें बताने लगे। पिता के अनुसार, उसकी बेटी के गले पर चोट के निशान थे। पिता ने छावनी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
छावनी एसओ राना डीपी सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।