संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मूड़घाट श्मशान घाट से पुलिस ने जिस विवाहिता का शव कब्जे में लिया था, उसकी मौत दम घुटने से हुई थी। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र माली टोला मंगल बाजार निवासी विवाहिता के पति समेत 12 आरोपियों पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर पति व सास के गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि दहेज हत्या में आरोपी पति अजय सैनी और सास कलावती को पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को रेलवे क्राॅसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली के पटेल नगर निवासी विजय कुमार सैनी ने तहरीर में बताया है कि उनकी बहन आशा सैनी (27) की शादी पुरानी बस्ती के माली टोला निवासी अजय सैनी के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही बहन को दहेज के लिए ससुराली प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि पांच नवंबर को आशा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। ससुराली बीमारी से मौत की बात कहते हुए शव का दाह संस्कार करने मूड़घाट ले गए थे। मायके पक्ष ने आशा की हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर शिकायत की थी।
चौकी इंचार्ज बड़ेबन दाह संस्कार स्थल पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने पति अजय सैनी, ससुर रामकिशोर सैनी, सास कलावती के अलावा रवि सैनी, अमित सैनी, राजू सैनी, वीरु सैनी, सोनू सैनी, अवधेश सैनी, समेत 12 लोगों पर केस दर्ज किया है।ा