जनता कर्फ्यू को समर्थन, एक दिन पहले हुईं दो शादियां
बिरऊपुर और मटेरा गांव का मामला, फोन से रिश्तेदारों को दी गई तिथि परिवर्तन की सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार (बस्ती)। कोरोना वायरस से निबटने के प्रयासों के क्रम में प्रधानमंत्री के 22 मार्च को ‘जनता कर्फ्यू’ के समर्थन में नगर बाजार थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर तय समय से एक दिन पहले शादी हुई। इसकी हर ओर तारीफ हो रही है।
बिरऊपुर में निवासी अलीहुसैन ने बताया कि उन्होंने बेटी जैनब की शादी वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बनकटिया निवासी सद्दाम हुसैन के साथ तय की थी। दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद 22 मार्च को शादी की तारीख पक्की हुई। पूर्व निर्धारित तारीख के अनुसार निमंत्रण कार्ड भी सगे संबंधियों के यहां भेज दिए गए। प्रधानमंत्री की 22 मार्च को जनता कर्फ्यू की अपील के कारण उन्होंने शादी एक दिन पहले करने का निर्णय लिया। पूर्व निर्धारित तारीख में फेरबदल करना बहुत मुश्किल था। लड़के के पक्ष को समझाया बुझाया तो वह मान गए। टेंट व हलवाइयों से बातचीत की तो सभी ने उनका समर्थन किया। बताया कि सगे संबंधियों को फोन पर तारीख बदलने की सूचना दी। गांव के लोगों ने भी काफी समर्थन दिया। सभी की राजी-खुशी से शादी 21 को ही निपट गई।
वहीं मटेरा निवासी माजिदा खातून की शादी भी 22 को होनी थी। पिता तुफैल अहमद ने बताया कि बेटी का निकाह बर्डपुर (सिद्धार्थनगर) निवासी मो. सलमान से होना था। लड़के के पक्ष की रजामंदी से निकाह की तारीख में परिवर्तन किया गया। प्रधान अबरारूल हक ने बताया कर्फ्यू के समर्थन में एक दिन पहले शादी करना स्वागत योग्य फैसला है।