बाजार में खरीदारी करती महिलाएं संवाद
बस्ती। सावन में नाग पंचमी, रक्षाबंधन व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अन्य त्योहारों को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। त्योहारों की तैयारी के लिए महिलाएं खरीदारी करने पहुंच रही हैं। सुबह से शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदार भी बढ़ी भीड़ से अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए हैं।
गांधीनगर, मंगलबाजार, पांडेय बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में महिलाएं साड़ी, चूड़ी, कृत्रिम आभूषण और कॉस्मेटिक सामान की खरीदारी कर रही हैं। मेहंदी लगवाने के लिए भी महिलाओं की भीड़ जुट रही है। ब्यूटी पार्लरों में भी त्योहारों को लेकर बुकिंग बढ़ गई है।
बाजार में 500 से लेकर पांच हजार रुपये तक की साड़ियों की मांग अधिक है। महिलाएं साड़ी और सूट के रंग से मैच करती चूड़ियां भी खरीद रही हैं। गांधीनगर के शोरूम संचालक राहुल मोदी ने बताया कि सावन में हरे रंग की लाइनिंग, सिल्वर प्रिंट, पॉइंट बॉर्डर और प्लेन साड़ियों की मांग अधिक है। मांग को देखते हुए पहले ही पर्याप्त स्टॉक मंगा लिया गया था। लाल, हरे और मल्टीकलर की साड़ियों के साथ सूट और ड्रेस की भी बिक्री हो रही है।
शालीमार मार्केट में शृंगार सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ है। सितंबर में होने वाले हरितालिका तीज की तैयारी भी महिलाएं अभी से करती नजर आ रही हैं।