आभूषण, साड़ियों और मेहंदी की दुकानों पर महिलाओं की भीड़
बुधवार को पड़ रहे त्योहार की मुकम्मल तैयारी में जुटीं सुहागिनें
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। करवाचौथ के लिए बाजार ने पहले से ही सोलह शृंगार कर लिया है। ब्यूटी पार्लरों में बहार आ गई है। आभूषण बाजार में जेवरात की दमक, साड़ी की दुकानों पर चमक और शृंगार प्रसाधन स्टोर पर चूड़ियों की खनक नवविवाहिताओं को आकर्षित कर रही हैं। महिलाओं में मेहंदी लगवाने को लेकर एडवांस बुकिंग भी हो रही है। साड़ियों व लहंगों की बिक्री बढ़ गई है। बुधवार को सुहागिनें करवाचौथ मनाने की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
गांधीनगर, शालीमार मार्केट, मंगल बाजार, पांडेय बाजार, पक्के हनुमानगढ़ी के आसपास के दुकानदार बताते हैं कि इस बार बाजार में डिजाइनर साड़ियां, गुजराती हस्तकला से सजे करवे, चूड़ियों से लेकर कास्मेटिक के नियान शेड्स की काफी मांग है। इन दुकानों पर महिलाएं और युवतियां मनपसंद सामग्री की खरीदारी के लिए पहुंच रही हैं। वहीं, पूजा की थाल सजाने के लिए सामग्री की खरीदारी रविवार से ही चल रही है। सोमवार को दुर्गापूजा मेले के बीच करवाचौथ के खरीदारों की बाजार में अच्छी-खासी भीड़ दिखी।
...
पीतल की थाली, सजावटी करवे की मांग
बर्तन कारोबारी मंगल प्रसाद बताते हैं कि करवाचौथ पर पूजा के लिए स्टील, पीतल, तांबा और कांसा के सजावटी करवे और लोटे की मांग ज्यादा है। मिट्टी के सादे करवों के साथ पीतल के करवे की भी बिक्री भी खूब हो रही है। फूल विक्रेताओं से करवाचौथ की पूजा के लिए ताजे फूल की एडवांस बुकिंग कराई जा रही है।
...
ब्यूटी पार्लर में ऑफर, मेहंदी फ्री
त्योहार को देखते हुए ब्यूटी पार्लर संचालकों ने कई ऑफर पेश किए हैं। कई जगह करवाचौथ स्पेशल के नाम पर 25 से 30 फीसदी तक की छूट दी है। ज्यादातर नामी लेडीज सैलून में मेहंदी निशुल्क रचाने का ऑफर दिया गया है।
...
कुंदन और लाख की चूड़ियां बनी पहली पसंद
सराफा कारोबारियों के मुताबिक करवाचौथ पर कुंदन रजवाड़ा, अमेरिकन डायमंड, लाख की चूड़ियां पहली पसंद होती हैं। इनकी कीमत 400 रुपये से शुरू है। अमेरिकन डायमंड करीब 450 और लाख की चूड़ी 150 रुपये से शुरू है। जोधपुरी पायल और बिछिया के साथ चांदी के करवे की भी मांग है। हल्की ज्वेलरी महिलाओं को भा रही हैं।
...
सजना है मुझे सजना के लिए
मेहंदी रचाने के लिए शालीमार मार्केट, धर्मशाला रोड, गांधीनगर, कटरा, दक्षिण दरवाजा, करुआ बाबा रोड, मंगल बाजार, पांडेय बाजार की दुकानों पर लाइन लगी हुई है। शालीमार मार्केट मे मेहंदी रचाने वाले संजय गुप्ता ने बताया कि करवाचौथ पर सहयोग के लिए बाहर से साथियों को बुलाया है। क्योंकि एक महिला को मेहंदी लगाने में करीब 15 मिनट लगते हैं। ऐसे में अन्य ग्राहकों को इंतजार न करना पड़े।