गौर। गोंडा-लखनऊ रेलखंड के घाघरा घाट रेलवे स्टेशन पर चल रहे प्री-नॉन इंटरलॉक कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने कई एक्सप्रेस ट्रेनों को पुनर्निर्धारित कर देरी से चलाने का निर्णय लिया है। रविवार से ट्रेनों के संचालन में बदलाव शुरू हो गया। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा।
इंजीनियरिंग कार्य के चलते रविवार को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 120 मिनट की देरी से चलाई गई। सोमवार को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22423 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और ट्रेन संख्या 15532 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस 120 मिनट की देरी से चलेगी।
10 सितंबर को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12598 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 75 मिनट और ट्रेन संख्या 19409 साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस 120 मिनट की देरी से चलाई जाएगी। वहीं, आठ सितंबर को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 09190 कटिहार-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस अपने मार्ग में 75 मिनट की देरी से चलेगी। नौ सितंबर को ट्रेन संख्या 22534 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से चलेगी।
-
यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह
ट्रेनों के पुनर्निर्धारण और नियंत्रण के कारण यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय की जानकारी लेने और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के घाघरा घाट रेलवे स्टेशन पर इंजीनियरिंग कार्य के तहत प्री-नॉन इंटरलॉकिंग का काम कराया जा रहा है। इसके चलते कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को पुनर्निर्धारित और नियंत्रित कर चलाया जा रहा है।